मौदहा हमीरपुर।दशहरे की देररात गांव में हुई फायरिंग में दो लोग घायल हो गए जिनका सरकारी अस्पताल में इलाज किया गया जबकि एक को अधिक रक्त स्त्राव के कारण सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है जबकि पुलिस ने फायरिंग की बात की पुष्टि नहीं होने की बात कही है मौदहा कोतवाली क्षेत्र के पिपरौंदा गांव में दशहरा की देररात हुई फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। नवरात्रि के दौरान आयोजित देवी पंडाल के कार्यक्रम और रावण दहन के बाद हुए विवाद में दो लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मौदहा भेजा गया। जबकि एक घायल की हालत गंभीर होने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवदुर्गा कार्यक्रम से लौट रहे बरदानी पर करीब आधा दर्जन लोगों द्वारा घेरकर फायरिंग किए जाने की बातें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें बरदानी के हाथ में गोली लगने की बात कही गई है। घटना में सलमान के भी घायल होने की सूचना है। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश को कारण बताया जा रहा है।
घायल बरदानी ने गांव के ही दीनानाथ, राजू प्रजापति और सलमान पर घर में आकर गोली चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि,अभी तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द कुमार,क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय और कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
चिकित्सीय परीक्षण में फायरिंग से लगी चोट की पुष्टि नहीं हुई है। इस सम्बन्ध में
क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय ने बताया कि, पिपरौंदा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के घायलों को उपचार के लिए सीएचसी मौदहा भेजा गया। घटना के दौरान फायरिंग होने की बात सामने आई है, लेकिन चिकित्सीय परीक्षण में फिलहाल फायर आर्म्स इंजरी की पुष्टि नहीं हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों पक्षों के घायल खतरे से बाहर हैं पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना की गहनता से जांच की जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। मौदहा क्षेत्र में चार दिन के भीतर गोलीकांड की दूसरी घटना सामने आने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।