Spread the love

राठ (हमीरपुर)। जरिया थाना क्षेत्र के इटैलिया बाजा गांव में बीते दिन सोमवार रात गोली लगने से 32 वर्षीय संजय की मौत हो गई। मृतक के पिता ने गांव के ही अमरकांत पर जमीन विवाद में बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार इटैलिया बाजा गांव निवासी संजय (32) पुत्र मूरतध्वज को बीते दिन सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता का आरोप है कि गांव में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उनके बेटे की हत्या की गई। जबकि ग्रामीणों के अनुसार शराब पीने के दौरान मामूली विवाद के बाद गोली चलने की बात भी सामने आई है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। संजय परिवार की करीब 18 बीघा कृषि भूमि पर खेती-किसानी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे मां जानकी, बड़े भाई भारत समेत अन्य परिजनों को छोड़ गया है। घटना की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सरीला शाहरुख खान ने मौके पर पहुँच स्थानीय निरीक्षण किया और लोगों से जानकारी जुटाई। वहीं जरिया थानाध्यक्ष मनोज पांडेय ने बताया कि अमरकांत के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed