सरीला ( हमीरपुर )। नवरात्रि के पावन अवसर पर हरसुंडी गांव स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में करीब 10 वर्ष की बच्चियों के लिए डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें गांव की एक दर्जन से अधिक बच्चियों ने प्रतिभाग कर अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।प्रतियोगिता में दीपिका ने ‘श्याम रंगीला बन जाते, नथुनी में जड़ाते’ गाने पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। वहीं संजना ने ‘मुरली बजाते हो, पीछे-पीछे आते हो’ गाने पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। आदित्या ने ‘राधा तेरे बर्थडे में केक कटाऊंगा’ गाने पर नृत्य कर खूब वाहवाही लूटी। काली का रूप धारण कर काव्या ने ‘होली खेले मसाने में’ गाने पर दमदार प्रस्तुति देकर खूब धूम मचाई। उनकी प्रस्तुति की दर्शकों ने तालियां बजाकर सराहना की। वहीं एकता ने ‘गोरी अपने मन की मन बोल सुनाइए तू’ और दीक्षा ने ‘मैं गोरा प्यारी, भंग पीना छोड़ दिया’ गाने पर नृत्य कर दर्शकों का मनोरंजन किया। बच्चियों की शानदार प्रस्तुतियों से मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल और उत्साह से सराबोर रहा। दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।