मुस्करा हमीरपुर। शराब ठेके पर शराब पीने को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों ने अवैध शस्त्र से फायरिंग कर आमजन में दहशत फैला दी। घटना की जानकारी होते ही घटनास्थल पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
कस्बा के चार थोक निवासी भूपेंद्र और चन्द्रशेखर पुत्र हरिश्चंद्र राजपूत ने थाना में लिखित शिकायती पत्र देते हुए बताया कि रविवार रात्रि करीब 9:00 बजे मंडी के पीछे बिलगांव रोड के अंग्रेजी शराब ठेका नंबर एक के पास बैठे थे। तभी बसवारी गांव निवासी दीपक पुत्र भवानीदीन उर्फ भिंडरवाले,गोलू महाराज और एक अज्ञात, तीन लोग वहां आए और शराब के नशे में बहस करने लगे। जिसका विरोध किया तो दीपक ने अवैध तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। और मारपीट कर दी। फौरन घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक तीनों लोग बाइक में सवार होकर जान से मार देने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। फायरिंग की घटना से आसपास के इलाके में सन्नाटा छा गया। लोग अपने-अपने घरों में दुबक कर बैठ गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक राम आसरे सरोज ने बताया कि उक्त मामले में जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से तहरीर प्राप्त कर दीपक, गोलू और एक अज्ञात के खिलाफ जान से मारने की नीयत से फायरिंग करना, मारपीट आदि धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। बताया कि पूर्व में भी दीपक और गोलू का कस्बा थाना में आपराधिक इतिहास है। उक्त लोग अपराधी किस्म के हैं। अपराधिक हिस्ट्री देखते हुए पुलिस की टीम गठित की गई है। जल्द ही तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।