Spread the love

हमीरपुर। शासन की मंशा एवं जिलाधिकारी के निर्देशानुसार श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभागीय कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके कार्यस्थल पर ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम विभाग, हमीरपुर द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जे.के. सीमेंट फैक्ट्री, इंगोहटा, सुमेरपुर में वृहद स्वास्थ्य परीक्षण, श्रमिक पंजीयन एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया शिविर में फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न हितकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। इसके साथ ही नए श्रमिकों के पंजीयन तथा पूर्व से पंजीकृत श्रमिकों के पंजीयन नवीनीकरण की कार्रवाई भी की गई स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकीय टीम द्वारा श्रमिकों का रक्तचाप, रक्त शर्करा, वजन एवं बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के आधार पर श्रमिकों को व्यक्तिगत स्वास्थ्य परामर्श देने के साथ आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। चिकित्सकों द्वारा उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा एवं कमजोरी जैसी समस्याओं से बचाव के लिए संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल, नियमित व्यायाम तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही कार्यस्थल पर हेलमेट, सुरक्षा जूते, दस्ताने आदि सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की जानकारी दी गई इस अवसर पर प्रभारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी दामोदर प्रसाद अग्रहरि ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य श्रमिकों एवं उनके परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभागीय योजनाओं का लाभ सीधे कार्यस्थल पर पहुंचाना है, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने पात्र श्रमिकों से विभागीय योजनाओं से जुड़ने तथा समय से पंजीयन एवं नवीनीकरण कराने की अपील की श्रम प्रवर्तन अधिकारी विजयपाल सोनकर ने श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर आवश्यक सावधानियां अपनाकर दुर्घटनाओं एवं व्यावसायिक बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने प्रतिष्ठान प्रबंधन से भी सुरक्षा प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की। शिविर में श्रम विभाग से प्रभारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी दामोदर प्रसाद अग्रहरि, श्रम प्रवर्तन अधिकारी विजयपाल सोनकर, सहायक लेखाकार विवेक मिश्रा, कम्प्यूटर ऑपरेटर सैयद मोहम्मद उबैदुल्ला एवं सूरजभान, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. हर्ष रंजन, महेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार एवं संध्या देवी तथा जे.के. सीमेंट फैक्ट्री के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। प्रतिष्ठान के अधिकारियों एवं श्रमिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण, पंजीयन, नवीनीकरण एवं हितलाभ वितरण की इस संयुक्त पहल को श्रमिक हित में उपयोगी बताया।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *