Spread the love

हमीरपुर। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा शहर को भारी वाहनों के जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सेतु निगम द्वारा संचालित ₹302 करोड़ की बेतवा एवं यमुना नदी पुल निर्माण परियोजना का जिलाधिकारी हमीरपुर अशोक कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति, स्पैन निर्माण, पीडब्ल्यूडी से संबंधित कार्यों तथा गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए परियोजना को न्यूनतम समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए निरीक्षण के दौरान अवगत कराया गया कि बेतवा एवं यमुना नदी पर निर्माणाधीन सेतु एवं बाईपास परियोजना की कुल स्वीकृत लागत ₹302 करोड़ है। बेतवा नदी पर दोनों लेन में कुल 26 स्पैन बनाए जाने हैं, जिनमें 13-13 स्पैन प्रत्येक लेन में हैं। वर्तमान में एक लेन के सभी 13 स्पैन का निर्माण पूर्ण हो चुका है। पीडब्ल्यूडी से संबंधित लगभग एक माह के अवशेष कार्य को तेजी से पूर्ण कराया जाए तो एक माह के भीतर बेतवा पुल की एक लेन पर यातायात प्रारंभ किए जाने की स्थिति बन सकती है यमुना नदी पर दोनों तरफ 16-16, कुल 32 स्पैन बनाए जाने हैं। वर्तमान में एक तरफ के 5 स्पैन का निर्माण पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने शेष स्पैन के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूर्ण कराने के लिए उपलब्ध संसाधनों एवं मैनपावर का प्रभावी उपयोग किया जाए। सेतु निगम द्वारा परियोजना को दिसंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, किंतु कार्य में विलंब को देखते हुए अब शेष कार्य को न्यूनतम संभव समय में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए गए जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सेफ्टी इंजीनियर्स की नियमित निगरानी, सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य प्रयोग तथा निर्माण स्थल पर सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की नियमानुसार जांच कराने तथा समय-समय पर थर्ड-पार्टी क्वालिटी जांच भी सुनिश्चित करने को कहा उन्होंने बेतवा एवं यमुना पुलों के शेष स्पैन तथा समानांतर लेन के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना पूर्ण होने पर शहर में भारी वाहनों का दबाव कम हो और आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। साथ ही निर्माण स्थल के एप्रोच रोड को व्यवस्थित रखने, अनावश्यक अवरोध एवं निर्माण सामग्री को हटाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए निरीक्षण के दौरान एनएच-34 तथा यमुना पुल के पहुंच मार्गों पर गड्ढों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि सड़कों पर गड्ढों के चिह्नीकरण का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि चिह्नित सभी गड्ढों को एक माह के भीतर पूर्ण रूप से ठीक कराया जाए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो जिलाधिकारी ने सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना से संबंधित सभी कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्माण की गति बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जनपद की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर एवं उप परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) दिलीप कुमार, सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *