मौदहा हमीरपुर। बीते तीन दिन से लगातार 36घंटे हुई से अधिक हुई मूसलाधार बारिश से जहां नदी, नाले, पोखर, तालाब भर गए हैं वहीं जलभराव और सडकों पर पानी चलने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है और लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं जबकि कच्चे घरों के गिरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।तो वहीं क्षेत्र के लगभग दो दर्जन से अधिक गावों का कस्बे से सम्पर्क कट गया है इतना ही नहीं कस्बे के कुछ मोहल्लों में भी इलाही तालाब का पानी बहने से कुम्हरौडा मोहल्ले के सैकडों घरों में पानी भर गया है और लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं।
इस समय देश का अधिकांश हिस्सा चक्रवाती तूफान अर्नब और लौटते हुए मानसून की वर्षा की चपेट में है, जबकि क्षेत्र में गुरुवार और शुक्रवार और शनिवार को हुई तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश के चलते पूरा क्षेत्र पानी में सराबोर हो गया जबकि तालाब, पोखर, नदी और नाले अपने पूरे शबाब पर आ गए। कस्बे का इलाही तालाब शनिवार सुबह ओवरफ्लो हो गया जिसके चलते उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह और क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय की अगुवाई में नगरपालिका टीम द्वारा जेसीबी मशीन से पानी निकासी की व्यवस्था की गई जिसके चलते कुम्हरौडा मोहल्ला के सैकड़ो घरों में पानी भर गया और रास्ते में पानी चलने लगा। इसके अतिरिक्त बडेरी नाला के उफान के कारण छिमौली रोड पर बना रपटा डूब जाने के कारण रास्ता ब्लॉक हो गया जबकि राजकीय महाविद्यालय मार्ग पर भी सडक से पानी चलने के कारण रास्ता ब्लॉक हो गया।
बताते चलें कि मदारपुर के पहले पडने वाले नाले का पानी सडक पर आने के कारण मदारपुर टापू में तब्दील हो गया है। जबकि कपसा मार्ग पर सिजनौडा के निकट सडक कटने के कारण आवागमन बाधित हो गया तो वहीं कपसा में बनी पुलिया पूरी तरह से जलमग्न हो गई जिससे रास्ता ब्लॉक हो गया वहीं श्याम नाला के निकट बसा गुरदहा गांव टापू में तब्दील हो गया है और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं जबकि इचौली गांव की स्थिति और भयावह है जहाँ पर सपा नेता रामप्रकाश प्रजापति ने राहत सामग्री बांटी। वहीं पढोरी गांव में चंद्रावल नदी का पानी रपटे से काफी ऊपर चल रहा है और पंचायत भवन को पानी ने अपने कब्जे में ले लिया है।जबकि कुछ खेतोँ में फंसे लोगों का ग्राम प्रधान की अगुवाई में नाव द्वारा रेस्क्यू किया गया है।जबकि कोतवाली क्षेत्र का परछछ गांव भी टापू में तब्दील हो गया है और लोग गावों में ही कैद होकर रह गए हैं।
वहीं रेलवे द्वारा बनाए गए अण्डर पास भी पानी से भर गए हैं जिनसे निकलना मुश्किल हो रहा है। जबकि कम्हरिया में मस्तान बाबा के तरफ बसी नयी बस्ती में भी पानी होने से लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। वहीं मौसम विभाग की माने तो यह आसमानी आफत अगले एक दो दिन तक और रुलाएगी। यदि मौसम विभाग की भविष्य वाणी सच साबित होती है तो हालात बद से बदतर होने में समय नहीं लगेगा।जबकि मांचा, भमौरा, मौदहा सहित अन्य गावों से कच्चे घरों के गिरने की खबरें भी आ रही हैं। जबकि उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय, कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह सहित तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम लगतार क्षेत्र का दौरा कर हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
