राठ (हमीरपुर)। जनपद लखीमपुर खीरी के थाना धौरहरा क्षेत्र के ग्राम सिसैया खुर्द में बीती 14 सितंबर की रात ग्रामीणों के साथ हुई कथित पुलिस मारपीट एवं बल प्रयोग के मामले को लेकर अखिल भारतीय लोधी लोधा राजपूत महासभा जनपद हमीरपुर द्वारा महामहिम राज्यपाल, उत्तर प्रदेश के नाम उपजिलाधिकारी राठ के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि ग्रामीणों द्वारा गांव की मूलभूत समस्याओं एवं खराब रास्ते को लेकर आवाज उठाए जाने के बाद रात में पुलिस द्वारा गांव में पहुंचकर बल प्रयोग किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। मीडिया रिपोर्टों में महिलाओं, बच्चों एवं अन्य ग्रामीणों के घायल होने तथा उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की बात सामने आई है। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग करते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराने को लिखा और यदि कोई पुलिस अधिकारी अथवा कर्मचारी दोषी पाया जाए तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में यह स्पष्ट करने को कहा कि ग्रामीणों पर लाठीचार्ज एवं बल प्रयोग का आदेश किस अधिकारी द्वारा दिया गया। पुलिस बल को गांव में जाकर बल प्रयोग करने की आवश्यकता क्यों पड़ी। घायल महिलाओं एवं पुरुषों का समुचित मेडिकल परीक्षण कराया जाए। ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनमें व्याप्त भय एवं असुरक्षा की भावना समाप्त की जाए। ज्ञापन देने के दौरान जिला अध्यक्ष, लोधी लोधा राजपूत महासभा रूप सिंह राजपूत रावत, धर्मपाल सिंह राजपूत, एडवोकेट जय सिंह राजपूत, एडवोकेट राजेंद्र महान, एडवोकेट जीतू एडवोकेट, दिनेश प्रताप सिंह एडवोकेट, ऋषभ लोधी एडवोकेट, महेंद्र लोधी, नरेंद्र लोधी, वीर लोधी एडवोकेट, जयप्रकाश लोधी, दिलीप, अनिल धनोरी आदि सहित काफी लोग उपस्थित रहे।
