राठ (हमीरपुर)। जम्मू कश्मीर राज्य में धारा 370 लागू होने के दौरान गणतंत्र दिवस के मौके पर लाल चौक पर तिरंगा फहराने गए भाजपाईयों ने लोकतंत्र सेनानियों की तरह सम्मान दिए जाने की मांग की है। जिसको लेकर आज उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम राठ को सौंपा है।
भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री रहे रमाकांत कुटार ने बताया कि वर्ष 2011 में जब वह भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष थे। उसी दौरान युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के आवाहन पर युवा मोर्चा जिलामंत्री अवधेश शर्मा, युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष मनीष सोनी उर्फ गुड्डू, नगर महामंत्री अनुज सक्सेना व अनिल सोनी सहित जनपद से लगभग एक दर्जन युवा मोर्चा की कार्यकर्ता गणतंत्र दिवस के मौके पर जम्मू कश्मीर की लाल चौक पर तिरंगा फहराने के लिए निकले थे। उस दौरान जम्मू कश्मीर में धारा 370 लागू होने के कारण तिरंगा फहराना अपराध के समान था। इसके बावजूद भी हम लोग जम्मू पहुंचे जहां वहां की वर्तमान सरकार ने पुलिस के माध्यम से उनके साथ मारपीट कराते हुए उन्हें बसों से ले जाकर अमरनाथ प्रतीक्षालय में आर्मी की निगरानी में दो दिन रखा। अब जब प्रदेश व केंद्र में भाजपा की सरकार है तो ऐसे में उन जैसे विषम परिस्थितियों में भी पार्टी का झंडा बुलंद करने वाले कार्यकर्ताओं को लोकतंत्र सेनानी जैसा सम्मान मिलना चाहिए। जिसको लेकर आज उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम राठ चित्रा निर्वाल को सौंपा है।
