सुमेरपुर हमीरपुर – ऐतिहासिक तीजा महोत्सव को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार दोपहर पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने कस्बे का दौरा कर हरचंदन तालाब, छोटी बाजार, शोभायात्रा मार्ग और पशु बाजार मेला मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग समेत सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरा करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने हरचंदन तालाब का निरीक्षण करते हुए चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग कराने और सफाई व्यवस्था बेहतर रखने को कहा। इसके साथ ही शोभायात्रा मार्ग का जायजा लेकर भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। पशु बाजार मेला मैदान में लगाए जाने वाले झूलों की सुरक्षा को लेकर भी एसपी ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि झूले पूरी तरह सुरक्षित तरीके से लगाए जाएं और किसी तरह की लापरवाही न हो। इस दौरान श्री कृष्णा तीजा कमेटी के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को शोभायात्रा रवाना करने के लिए आमंत्रित किया। निरीक्षण के दौरान नवल दाऊ, कुंजबिहारी पांडे, संजीव पांडे, जयकरण सिंह, प्रदीप सिंह तोमर, अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, सीओ सदर यशपाल सिंह, थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल, अधिशाषी अधिकारी दिनेश चंद्र आर्य और विद्युत विभाग के अवर अभियंता कार्तिकेय त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी व समिति पदाधिकारी मौजूद रहे।
