Spread the love

हमीरपुर – बिवांर थाना क्षेत्र के खड़ेहीजार गांव में सोमवार शाम बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। कच्ची दीवार और दरवाजा अचानक भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गांव निवासी बरदानी कुशवाहा सोमवार शाम करीब छह बजे अपने बेटे पवन (10) के साथ घर के दरवाजे के पास खड़े थे। इसी दौरान बारिश के बीच अचानक कच्ची दीवार ढह गई और पिता-पुत्र दोनों मलबे की चपेट में आ गए। बरदानी किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन पवन दीवार और दरवाजे के मलबे में दब गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पवन को मलबे से बाहर निकाला गया। परिजन उसे निजी वाहन से छानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पवन पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार के पास कृषि भूमि भी नहीं है। बच्चे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है।उपनिरीक्षक मोहम्मद सुल्तान ने बताया कि बारिश के दौरान कच्ची दीवार गिरने से हादसा हुआ है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। वहीं, सदर एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि घटना की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में मौत दैवीय आपदा के कारण होना पाया जाता है तो मृतक के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *