Spread the love

हमीरपुर। सुमेरपुर थाना पुलिस ने चाचा की हत्या के मामले में वांछित आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा, मृतक की खून लगी शर्ट और चप्पल बरामद की हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में साक्ष्य छिपाने से संबंधित धारा 238 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को इंगोहटा गांव निवासी छोटू सिंह उर्फ योगेंद्र सिंह परिहार अपने चाचा योगेंद्र प्रताप सिंह उर्फ भूरे सिंह चंदेल के साथ शिवानी ढाबे पर खाना खाने गया था। वहां दोनों के बीच गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया। घर लौटते समय भी विवाद जारी रहा। आरोप है कि घर के बरामदे में पहुंचने के बाद छोटू ने वहां रखे डंडे से अपने चाचा के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि घटना को दुर्घटना का रूप देने और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने शव को खींचकर सीढ़ियों पर रख दिया। इसके बाद हत्या में प्रयुक्त डंडा, मृतक की खून लगी शर्ट और चप्पल को गांव स्थित अपने खेत में ट्यूबवेल के पास झाड़ियों में छिपा दिया।
23 अगस्त को सुमेरपुर पुलिस टीम ने आरोपी छोटू सिंह उर्फ योगेंद्र सिंह परिहार, उम्र करीब 26 वर्ष, को इंगोहटा स्थित उसके खेत में ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक डंडा, मृतक की खून लगी सफेद हाफ शर्ट और एक जोड़ी चप्पल बरामद की।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 282/2026 में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर धारा 238 बीएनएस भी बढ़ाई गई है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार पटेल, उपनिरीक्षक मनीष पटेल, कांस्टेबल सुमित कुमार यादव और कांस्टेबल शुभम शामिल रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *