राठ (हमीरपुर)। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देश पर बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से नगर पंचायत सरीला कार्यालय परिसर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को जीएमडी किट और डिजिटल वजन मशीनों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी विकास कुमार यादव ने कार्यकत्रियों को उपकरण सौंपे। एसडीएम ने कहा कि बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी प्रशासन की प्राथमिकता है। आंगनबाड़ी केंद्र जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जीएमडी (ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस) किट से बच्चों की लंबाई और शारीरिक वृद्धि की निगरानी की जा सकेगी, जबकि डिजिटल वजन मशीनों से नवजात, कुपोषित बच्चों तथा गर्भवती और धात्री महिलाओं का वजन सटीक रूप से दर्ज किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार उपकरणों के माध्यम से कुपोषण और वजन में कमी की समय रहते पहचान कर स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक उपचार एवं पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर सुधा देवी, नगर पंचायत लिपिक राघवेंद्र सिंह समेत विभागीय कर्मचारी और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं। अधिकारियों ने कार्यकत्रियों को अपने क्षेत्रों में समयबद्ध और नियमित स्वास्थ्य निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
