Spread the love

हमीरपुर । जनपद मुख्यालय के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों एवं प्रशासकों के साथ संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं पर जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।बैठक में ग्राम प्रधानों द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत न होने, घरों तक पेयजल आपूर्ति न पहुंचने, विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने, परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजरने, जर्जर विद्यालय भवनों, जलभराव एवं कीचड़ सहित विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं, नलकूपों के संचालन तथा छुट्टा गोवंश के संरक्षण से संबंधित समस्याएं भी उठाई गईं।जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा जिन ग्रामों में कनेक्शन दिए जा चुके हैं, वहां प्रत्येक घर तक पेयजल पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। विद्युत विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त एवं उखड़े विद्युत पोलों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने, जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल सफाई एवं जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा इसके लिए टाइड ग्रांट की धनराशि का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई कार्य करें।ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने सरकारी बारात घरों से निर्धारित किराया प्राप्त करने के निर्देश दिए, जिससे प्राप्त धनराशि का उपयोग उनके रख-रखाव एवं मरम्मत में किया जा सके। उन्होंने छुट्टा गोवंश को तत्काल गौशालाओं में संरक्षित करने तथा नलकूपों का संचालन निर्बाध रूप से सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकेश खरवार, जिला पंचायत राज अधिकारी सुबोध जोशी सहित समस्त ब्लॉक प्रमुख, विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान एवं ब्लॉक प्रशासक तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। विद्यालयों, संपर्क मार्गों, जलभराव एवं दलदल वाले मार्गों सहित जनसामान्य से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *