राठ (हमीरपुर)। समय से पहले जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं की जिंदगी अक्सर चुनौतीपूर्ण होती है। ऐसे में सही समय पर विशेषज्ञ उपचार और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं किसी चमत्कार से कम नहीं होतीं। कस्बे के नहर बाईपास, स्यावरी रोड स्थित नव्या मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में चिकित्सकों की टीम ने सात माह में जन्मे एक नवजात को सफल उपचार देकर नई जिंदगी दी है। इस उपलब्धि की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजू रतन यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि महोबा जनपद के पनवाड़ी थाना क्षेत्र के नकरा गांव निवासी अरुण कुमार की पत्नी सविता देवी को गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य संबंधी गंभीर जटिलताओं के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय जांच के बाद परिस्थितियों को देखते हुए उनका समय से पहले प्रसव कराया गया। गर्भावस्था के सातवें माह में जन्म लेने के कारण नवजात का वजन कम था और उसकी स्थिति बेहद नाजुक थी। अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. राजू रतन यादव एवं डॉ. जयपाल राजपूत के नेतृत्व में डॉक्टरों और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ ने नवजात को तत्काल विशेष नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में भर्ती कर उपचार शुरू किया। करीब आठ दिनों तक लगातार मॉनिटरिंग, आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल, ऑक्सीजन सहायता और विशेषज्ञ निगरानी के बीच नवजात के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार होता गया। इसी दौरान जच्चा की भी लगातार निगरानी की गई और उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। चिकित्सकों के अथक प्रयास, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और परिवार के सहयोग से आखिरकार मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हो गए। स्वास्थ्य में संतोषजनक सुधार होने पर दोनों को सुरक्षित घर भेज दिया गया। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि समयपूर्व जन्म लेने वाले बच्चों की देखभाल अत्यंत संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण होती है। ऐसे मामलों में प्रत्येक क्षण महत्वपूर्ण होता है और अनुभवी चिकित्सकों के साथ आधुनिक NICU सुविधाएं नवजात के जीवन को बचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। डॉ. राजू रतन यादव ने बताया कि समय से पहले जन्मे शिशुओं को संक्रमण, सांस लेने में परेशानी और अन्य जटिलताओं का खतरा अधिक रहता है। इसलिए ऐसे नवजातों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार बेहद आवश्यक होता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि यदि किसी नवजात को जन्म के बाद विशेष देखभाल की आवश्यकता हो तो बिना देर किए विशेषज्ञ अस्पताल से संपर्क करें। इस सफल उपचार के बाद राठ सहित आसपास के क्षेत्रों में नव्या मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की चिकित्सा सेवाओं की सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों ने
