हमीरपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर हुए भीषण सड़क हादसे में घायल मरीजों को उपचार के दौरान रक्त की आवश्यकता पड़ने पर सहयोग फाउंडेशन ने तत्परता दिखाते हुए रक्त की व्यवस्था कराई। फाउंडेशन की अपील पर कई लोग आगे आए और स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
रक्तदान करने वालों में हमीरपुर के पत्रकार रोहित तिवारी, विष्णु विश्वकर्मा, सूरज कुशवाहा, रामू सेन सहित दो अन्य रक्तदाता शामिल रहे। सभी ने जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान कर उनके उपचार में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। हादसे में तीन लोगों की मृत्यु हुई थी, जबकि करीब 20 घायल बेहतर उपचार के लिए कानपुर के हायर सेंटर में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज जारी है। इस दौरान समाजसेवी अंकित पंडित, युगांक मिश्रा एवं प्रिया द्विवेदी मौजूद रहे। जिला अस्पताल के सीएमएस प्रजापति ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया और कहा कि समय पर किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए नया जीवन साबित हो सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील भी की।
