राठ (हमीरपुर)। उपजिलाधिकारी चित्रा निर्वाल ने बुधवार को तहसील परिसर स्थित उप निबंधक (रजिस्ट्री) कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बैनामों से संबंधित अभिलेखों एवं स्टांप शुल्क भुगतान प्रक्रिया की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विशेष रूप से 20 हजार रुपये से अधिक स्टांप शुल्क वाले बैनामों का परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली कि निर्धारित सीमा से अधिक स्टांप शुल्क का भुगतान शासन के निर्देशानुसार ऑनलाइन माध्यम से किया जा रहा है या नहीं। साथ ही संबंधित अभिलेखों का भी सत्यापन किया। एसडीएम ने रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और यह जानकारी ली कि पंजीकरण, दस्तावेजों की जांच एवं शुल्क भुगतान के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा या अनावश्यक विलंब का सामना तो नहीं करना पड़ रहा है। उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी रखने, शासन की गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करने तथा लोगों के कार्य समयबद्ध ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही सब रजिस्ट्रार को अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव और ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
