राठ (हमीरपुर)। थाना राठ क्षेत्र के ग्राम कैंथा में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों द्वारा एक वृद्ध किसान पर लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर बुरी तरह घायल कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल वृद्ध की उरई मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है।
ग्राम कैंथा निवासी विपिन पुत्र वीरपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार दोपहर लगभग 11 बजे उनके पिता वीरपाल पुत्र हरचरन अपने खेत में जानवर चरा रहे थे। उसी समय गांव के ही दबंग द्रगसिंह पुत्र बृजलाल, रोहित पुत्र द्रगसिंह, मोहित पुत्र द्रगसिंह, कमलेश राजपूत पुत्र धीरसिंह तथा कृष्णपाल पुत्र प्रतिपाल अपने हाथों में लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी, अवैध तमंचा और लाइसेंसी दोनाला बंदूक लेकर वहां पहुंचे।
आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने अकारण ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब वीरपाल ने गाली देने से मना किया, तो उक्त आरोपियों ने लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में मौजूद पवन पुत्र लखनलाल, लखनलाल पुत्र हरचरन, कुंवरलाल निवासी नकरा, तथा जगदीश पुत्र भोजराज दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगो को आता देख और उनके ललकारने पर दबंग अवैध तमंचे से हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में वृद्ध वीरपाल को रिक्शे से तुरंत कोतवाली राठ ले गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल राठ भिजवाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज उरई के लिए रिफर कर दिया। उरई ले जाते समय बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के जखेड़ी टोल टैक्स के पास वीरपाल ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना के बाद मृतक के पुत्र विपिन परिजनों संग शव को लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को नामजद तहरीर देकर सभी दबंग आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।
