Spread the love

सुमेरपुर (हमीरपुर)। सोमवार सुबह हुई रुक-रुक कर रिमझिम बारिश के बीच नगर पंचायत कार्यालय की छत का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिर गया। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। प्लास्टर गिरने की आवाज सुनकर कार्यालय परिसर में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना कार्यालय का कामकाज शुरू होने से पहले हुई, जिससे कोई कर्मचारी या आम नागरिक इसकी चपेट में नहीं आया।
बारिश के कारण मौसम जहां सुहावना हो गया, वहीं नगर पंचायत कार्यालय की जर्जर छत ने कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी। घटना के बाद कर्मचारियों में भवन की सुरक्षा को लेकर दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि यदि प्लास्टर कार्यालय के नियमित समय में गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। कर्मचारियों ने भवन की स्थिति की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी दिनेश चंद्र ने बताया कि प्लास्टर कार्यालय खुलने से पहले गिरा था, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित कर्मचारियों को भवन की स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर भवन की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी, ताकि कर्मचारियों और कार्यालय आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *