हमीरपुर – सदर कोतवाली क्षेत्र में वर्दीधारी एक दरोगा पर ट्रक चालक के 20 हजार रूपये चोरी करने के आरोप से हड़कंप मच गया। घटना के बाद चालक ने दरोगा का पीछा कर यमुना पुल के पास पकड़ लिया, जहां दोनों के बीच विवाद और जमकर हंगामा हुआ। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक मनीष गिट्टी बेचकर घाटमपुर से हमीरपुर लौट रहा था। तभी जिले में तैनात दरोगा गिरीश मिश्रा कानपुर से हमीरपुर आने के लिए रास्ते में आ रहे ट्रक चालक से लिफ्ट मांगी। चालक ने उसे पुलिसकर्मी समझकर ट्रक में बैठा लिया। आरोप है कि सफर के दौरान ट्रक के केबिन में रखे 20 हजार रूपये उस व्यक्ति ने अपनी वर्दी में छिपा लिए। चालक को शक होने पर उसने विरोध किया, लेकिन आरोप है कि वह अलियापुर टोल प्लाजा के पास ट्रक से उतरकर एक वैन में बैठकर चला गया। चालक ने वैन का पीछा किया और यमुना पुल के पास उसे पकड़ लिया। चालक का दावा है कि तलाशी के दौरान दरोगा की वर्दी से 500-500 के नोट जमीन में गिरने लगे ड्राइवर ने नकदी बरामद की । इसके बाद गुस्साए चालक ने दरोगा को थप्पड़ मार दिए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित दरोगा को अपने साथ कोतवाली ले गई। इस मामले में क्षेत्राधिकारी सदर यशपाल सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। संबंधित व्यक्ति की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
