सरीला (हमीरपुर)। कस्बा सरीला के हटवारा मोहल्ला निवासी सुरेंद्र राजपूत पुत्र कुंवरलाल के दो गोवंशों की 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना रविवार को खेड़ा शिलाजीत रोड स्थित दादा फिलिंग पेट्रोल पंप के पास हुई। हादसे में पशुपालक को करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
बताया गया कि क्षेत्र से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन काफी समय से ढीली और जर्जर हालत में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लाइन को दुरुस्त कराने के लिए पूर्व में कई बार विद्युत विभाग से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी दिनेश कुमार पांडे, चौकी प्रभारी ईश्वर नारायण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वहीं जिला गौ रक्षक प्रमुख फूल सिंह, रामकुमार तथा सपा नेता हेमेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित को उचित मुआवजा दिलाने तथा जर्जर विद्युत लाइन को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।
इस संबंध में विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) सुधीर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया, जिससे उनका पक्ष नहीं मिल सका। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लाइन की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
