राठ (हमीरपुर)। जरिया थाना क्षेत्र के गोहांड निवासी ठेकेदार की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ियां भी बरामद कर ली गई हैं।
जरिया थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाण्डे ने बताया कि विगत 24 जून को गोहांड निवासी देशराज ठेकेदार पुत्र परमलाल राजपूत अपने पड़ोसी नरेंद्र के साथ राठ तहसील से काम निपटाकर घर लौट रहे थे। तभी राठ उरई मार्ग पर स्थित ग्राम बागीपुरा के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिसमें देशराज की घटना स्थल पर मौत हो गयी थी।मृतक के पुत्र कमलेश की तहरीर पर थाना जरिया ने कस्बा गोहाण्ड निवासी चरण सिंह और राजेन्द्र कुमार उर्फ घसोड़ी के ऊपर हत्त्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जिसपर
पुलिस ने दोनों आरोपियों को कछवाकला तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर इटौरा गंग तिराहे के पास झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ियां बरामद की गईं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश कर दिया।
