मुस्करा (हमीरपुर) | शासन द्वारा जारी कड़े निर्देशों के क्रम में आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा में आगजनी जैसी आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए एक व्यापक फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। यह पूरी गतिविधि केंद्र के अधीक्षक डॉ. बी.एस. राजपूत की देखरेख और कुशल नेतृत्व में संपन्न हुई मॉक ड्रिल के दौरान अस्पताल परिसर में स्थापित सभी अग्निशमन और जीवन रक्षक उपकरणों का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित उपकरणों की कार्यप्रणाली को परखा गया अग्निशामक यंत्र ,हीट सेंसर ,स्मोक सेंसर ,फायर अलार्म ,हाई प्रेशर वाटर गन जांच के दौरान उपकरणों में पाई गईं तकनीकी कमियों को मौके पर ही तुरंत दुरुस्त कराया गया ताकि किसी भी आपात स्थिति में कोई व्यवधान न आए। इसके साथ ही, अस्पताल के सभी परामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मियों को आग से बचाव और राहत कार्यों के लिए विशेष ट्रेनिंग (प्रशिक्षण) दी गई। उन्हें सिखाया गया कि आग लगने की सूरत में मरीजों को सुरक्षित निकालते हुए कैसे त्वरित कदम उठाने हैं।
अधीक्षक डॉ. बी.एस. राजपूत ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य अस्पताल को मरीजों के लिए पूरी तरह सुरक्षित बनाना और स्टाफ को हर चुनौती के लिए चौबीसों घंटे तैयार रखना है।
