Spread the love

हमीरपुर। मंगलवार की देर शाम जनपद मुख्यालय के कलेक्ट्रेट सभागार, में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन द्वारा माह जुलाई, 2026 में संचालित किए जाने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान (01 जुलाई से 31 जुलाई, 2026) तथा दस्तक अभियान (11 जुलाई से 31 जुलाई, 2026) की तैयारियों, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं जनपद में स्वच्छता व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए तथा अभियान की प्रत्येक गतिविधि निर्धारित समयावधि में पूर्ण की जाए।जिलाधिकारी ने पंचायतीराज विभाग एवं नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाया जाए। कहीं भी जलभराव न होने दिया जाए तथा नालियों और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने के लिए एंटी-लार्वा छिड़काव, फॉगिंग तथा अन्य निवारक उपाय प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में कार्यरत सभी सफाई कर्मियों द्वारा किए गए कार्यों का नियमित सत्यापन किया जाए तथा उनकी कार्य प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सार्वजनिक स्थलों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाएं, जांच सुविधाएं एवं चिकित्सकीय संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर न किया जाए तथा स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी एम्बुलेंस सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहें तथा आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने आईजीआरएस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर टीकाकरण सत्रों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा जनजागरूकता गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाया जाए।उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि आयुष्मान भारत योजना, ऑनलाइन परामर्श सेवाओं तथा अन्य डिजिटल स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंचाया जाए। साथ ही सभी स्वास्थ्य संस्थानों में बायोमेडिकल वेस्ट का वैज्ञानिक एवं मानकों के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) एवं अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जाए तथा सर्वेक्षण एवं फॉलोअप कार्यवाही में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से सफल बनाया जाए तथा आमजन को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, हाथ धोने की आदत तथा मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *