Spread the love

राठ हमीरपुर – ट्रैफिक व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी निभा रहे पुलिसकर्मी ने इंसानियत और संवेदनशीलता की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी पूरे कस्बे में चर्चा हो रही है। राठ कस्बे के अंबेडकर चौराहे के पास बने गहरे नाले में गिरे एक गाय के बछड़े की जान बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस के कॉन्स्टेबल नवनीत मिश्रा स्वयं नाले में उतर गए और स्थानीय युवकों की मदद से सफल रेस्क्यू कर बेजुबान को नया जीवन दिया। जानकारी के अनुसार, अंबेडकर चौराहे पर ड्यूटी के दौरान कॉन्स्टेबल नवनीत मिश्रा अपने साथियों के साथ यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी बीच नगर पालिका द्वारा बनाए गए गहरे नाले में एक गाय का बछड़ा गिर गया। बाहर निकलने के प्रयास में वह काफी देर तक तड़पता रहा। राहगीरों की नजर पड़ने पर लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। मामले की सूचना मिलते ही कॉन्स्टेबल नवनीत मिश्रा तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना देर किए स्वयं गंदे नाले में उतरकर बछड़े को निकालने का प्रयास शुरू किया। शुरुआती कोशिशें नाकाम रहने पर उन्होंने आसपास मौजूद युवकों को बुलाया और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब आधे घंटे तक चले अभियान के बाद बछड़े को सुरक्षित नाले से बाहर निकाल लिया गया। भीषण गर्मी के बीच पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग लगातार जुटे रहे। जैसे ही बछड़ा सुरक्षित बाहर आया, वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और कॉन्स्टेबल नवनीत मिश्रा के इस मानवीय कार्य की जमकर सराहना की। कॉन्स्टेबल नवनीत मिश्रा ने बताया कि बछड़ा नाले में गिरकर फंस गया था। समय रहते उसे बाहर निकाल लिया गया, जिससे उसकी जान बच गई। उन्होंने कहा कि बछड़ा पूरी तरह सुरक्षित है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवता और जीवों की रक्षा के लिए भी हमेशा आगे रहती है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *