Spread the love

सरीला हमीरपुर – नमामि गंगे पेयजल योजना के तहत जलापूर्ति बाधित होने और विभिन्न अव्यवस्थाओं से परेशान बीलपुर गांव की महिलाओं समेत आधा सैकड़ा से अधिक ग्रामीण मंगलवार को सरीला तहसील पहुंचे। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता को शिकायती पत्र सौंपकर गांव में नियमित जलापूर्ति बहाल कराने तथा योजना की खामियों को दूर कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि नमामि गंगे योजना के अंतर्गत गांव में पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन उसमें पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। आरोप है कि टंकी चलाने के लिए जो कर्मचारी लगाया गया हैं, वह लापरवाही बरत रहा है। वहीं टंकी भरने के लिए लगे ट्यूबवेल में ऑटो कट सिस्टम न होने से बिजली आपूर्ति बाधित होने पर ट्यूबवेल बंद हो जाता है और जलापूर्ति प्रभावित रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार, इसी टंकी से महाराजपुर और टाई गांवों में भी पेयजल आपूर्ति की जाती है, लेकिन महाराजपुर जाने वाली पाइपलाइन पिछले 15 दिनों से क्षतिग्रस्त पड़ी है। इसकी सूचना संबंधित कर्मचारियों को कई बार दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। उन्होंने बताया कि शिव कुमार अनुरागी के मकान से चंद्रभान के मकान तक करीब 20 परिवार ऐसे हैं, जहां आज तक पेयजल लाइन नहीं डाली गई। इससे इन परिवारों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीलपुर निवासी बुजुर्ग महिला ज्ञानवती ने बताया कि उनके घर में पिछले दो वर्षों से नमामि गंगे योजना के तहत एक बूंद पानी नहीं पहुंचा है। मजबूरी में उन्हें छोटे बच्चों के साथ रस्सी और गगरी के सहारे साठिया कुएं से पानी निकालना पड़ता है। उन्होंने बताया कि उपलब्ध पानी खारा है और उसमें कीड़े तक पड़ जाते हैं, जिसे छानकर पीने के लिए विवश हैं। उनका कहना है कि पूर्व में भी दो बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से तत्काल जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कराने और जिन परिवारों तक पेयजल लाइन नहीं पहुंची है, वहां शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान ग्राम प्रधान सहित बलबीर, अजय, प्रेमनारायण, जयसिंह, रामस्वरूप, शिवकुमारी, ज्ञानवती, जितेंद्र, जुम्मन खां , बरातीलाल तथा बीलपुर, महाराजपुर और टाई गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
उपजिलाधिकारी सरीला राजकुमार गुप्ता ने कहा कि महाराजपुरा में कार्य होने लगा है किसी भी प्रकार कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *