Spread the love

मौदहा हमीरपुर – बुंदेलखंड नव निर्माण सेना भारत की पूर्व कार्यकारिणी भंग होने के उपरांत आज से संगठन का सदस्यता अभियान केंद्रीय कार्यालय मौदहा से प्रारंभ किया गया। सदस्यता अभियान के पहले दिन विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने संगठन की सदस्यता ग्रहण कर बुंदेलखंड राज्य आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एड. विनय तिवारी ने कहा कि बुंदेलखंड नव निर्माण सेना भारत एक सामाजिक संगठन है, जो शिक्षा, पर्यावरण, रोजगार, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों पर लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की सबसे बड़ी समस्या उपेक्षा, बेरोजगारी, पलायन, जल संकट और संसाधनों के असमान विकास की है।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड राज्य का गठन इसलिए आवश्यक है क्योंकि वर्तमान व्यवस्था में क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। बुंदेलखंड प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा, कृषि और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध होने के बावजूद विकास की मुख्यधारा से पीछे है। अलग राज्य बनने से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं बनेंगी, युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, सिंचाई और पेयजल की समस्याओं का समाधान होगा तथा क्षेत्र के संसाधनों का उपयोग क्षेत्र के विकास के लिए किया जा सकेगा।
एड. विनय तिवारी ने कहा कि बुंदेलखंड राज्य निर्माण केवल राजनीतिक मांग नहीं बल्कि क्षेत्र के करोड़ों लोगों के सम्मान, अधिकार और विकास का प्रश्न है। संगठन इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से निरंतर संघर्ष करता रहेगा।
सदस्यता अभियान के अंतर्गत आज राठ क्षेत्र से यश अग्रवाल, भरत मिश्रा, विशाल अग्रवाल, अभिषेक गुप्ता, जुबैर हलीम, नितिन पांडे, ईशु मिश्रा, कलीम अहमद, सैय्यद शाहबाज अली, श्रीकांत द्विवेदी एवं वेदप्रकाश निगम सहित एक दर्जन से अधिक युवाओं ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की और बुंदेलखंड के विकास तथा राज्य निर्माण के आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
संगठन ने क्षेत्र के युवाओं, किसानों, छात्रों, व्यापारियों एवं समाज के सभी वर्गों से सदस्यता अभियान में जुड़कर बुंदेलखंड राज्य आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *