मौदहा हमीरपुर। नगर के वार्ड संख्या-19 सिचौली पुरवा में पिछले पांच दिनों से बिजली और पेयजल आपूर्ति ठप रहने से नाराज लोगों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। आक्रोशित महिलाओं और पुरुषों ने रश्मि पेट्रोल पंप के पास नेशनल हाईवे-34 पर जाम लगा दिया। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया।
गौरतलब हो कि क्षेत्र में कई दिनों से बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के कारण पेयजल संकट भी गहरा गया है। समस्या का समाधान न होने से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं तथा क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही है।
हाईवे जाम की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडे और कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया, जिससे यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली और पेयजल व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं अधिकारियों ने संबंधित विभागों से समन्वय कर समस्या के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया है।
