Spread the love

फर्जी मुकदमे वापस न हुए तो गाजियाबाद पहुंचेगी हमीरपुर की पूरी टीम – कपिल देव यादव

हमीरपुर। गाजियाबाद में पत्रकारों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों और पत्रकार उत्पीड़न के विरोध में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा ने मामले का संज्ञान लेते हुए संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि पत्रकारों के सम्मान और न्याय की लड़ाई में एकजुट होकर भागीदारी सुनिश्चित करें। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 1 जून से गाजियाबाद पुलिस मुख्यालय के बाहर शुरू होने वाले आंदोलन में प्रदेश भर से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकारों पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और फर्जी मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के हमीरपुर जिला अध्यक्ष कपिल देव यादव ने कहा कि पत्रकारों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लेता है और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करता है तो हमीरपुर जिले की पूरी संगठनात्मक टीम गाजियाबाद के लिए प्रस्थान करेगी और आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की स्वतंत्रता सर्वोपरि है और पत्रकारों को झूठे मुकदमों के माध्यम से दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। परिषद पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। गौरतलब है कि गाजियाबाद में पत्रकारों और पुलिस प्रशासन के बीच विवाद को लेकर विभिन्न पत्रकार संगठनों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की घोषणा की है। आंदोलनकारियों की मांग है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। परिषद के पदाधिकारियों का कहना है कि यह संघर्ष केवल कुछ पत्रकारों का नहीं बल्कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का मुद्दा है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *