Spread the love

सुमेरपुर हमीरपुर। कानपुर-सागर हाईवे पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नारायणपुर के पास दो लोडरों की आमने-सामने भिड़ंत में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे लोडर का चालक और एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है।
जानकारी के अनुसार, कुरारा कस्बे का रहने वाला 40 वर्षीय किसान महिपाल शुक्रवार सुबह कुरारा निवासी लोडर चालक अनिरुद्ध के साथ महोबा मंडी अनाज बेचने गया था। देर रात दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कानपुर-सागर हाईवे पर नारायणपुर और कुंडौरा के बीच सामने से आ रहे दूसरे लोडर से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों लोडर हाईवे पर पलट गए। हादसे में सुमेरपुर की ओर जा रहे लोडर के चालक 35 वर्षीय अरविंद निवासी जसपुरा, बांदा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं किसान महिपाल और चालक अनिरुद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *