राठ (हमीरपुर)। बीते एक सप्ताह से नगर पालिका द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल को लेकर नगर में अतिक्रमण हटाया जा रहा है। अतिक्रमण हटने से लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलती नजर आ रही है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि बीते एक सप्ताह से नगर के बारहखंबा चौराहा, कोट बाजार रामलीला मैदान, पड़ाव चौराहा के बाद अब आज उरई बस स्टैंड से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। जिसमें अलग अलग समय में उप जिलाधिकारी अभिमन्यु कुमार, तहसीलदार दिलीप कुमार सिंह व नायब तहसीलदार सुभाष चंद्र वर्मा सहित भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने बताया कि इन मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटने पर लोगों को काफी हद तक जाम की समस्या से निजात मिलने की संभावना है। वहीं मुख्य मार्गों के किनारे पर बनी बड़ी नालियों की भी अच्छी तरह से साफ सफाई पर जल निकासी की व्यवस्था भी की जा रही है।
