Spread the love

हमीरपुर। जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार को मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा, मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। घटना के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पीड़ित चिकित्सक की तहरीर पर नामजद आरोपी समेत 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), SC/ST एक्ट और उत्तर प्रदेश चिकित्सा अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुकदमा मु0अ0सं0-92/2026 के तहत पंजीकृत किया है।
जानकारी के अनुसार, अतरार निवासी 18 वर्षीय जितेंद्र सिंह ने कथित तौर पर सल्फास का सेवन कर लिया था। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉ. महेंद्र कुमार सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया। बताया गया कि परिजन मरीज को एम्बुलेंस तक ले गए थे, लेकिन बाद में दोबारा इमरजेंसी वार्ड में वापस ले आए। दोबारा जांच करने पर डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
मरीज की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों और साथ आए लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आरोप है कि 10 से 15 लोगों की भीड़ ने इमरजेंसी वार्ड में घुसकर डॉ. महेंद्र कुमार सिंह और अस्पताल स्टाफ के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी विपिन और सुरक्षा गार्ड को भी बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों ने अस्पताल की मशीनें तोड़ दीं और डॉक्टर का गला घोंटने का प्रयास किया।
पीड़ित चिकित्सक डॉ. महेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, हमलावर उनके गले से सोने की चेन, अंगूठी और हाथ की घड़ी भी लूट ले गए। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी, सीओ सदर राजेश कमल और कोतवाली नगर पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल पुत्र अश्वनी निवासी अतरार थाना बिंवार तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ दंगा, सरकारी कर्मचारी पर हमला, डकैती, धमकी, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही SC/ST एक्ट और चिकित्सा सेवा कर्मियों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधान भी लगाए गए हैं।
घटना के विरोध में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कुछ समय के लिए कार्यबहिष्कार किया, जिससे अस्पताल सेवाएं प्रभावित रहीं। बाद में प्रशासन और पुलिस के आश्वासन के बाद ओपीडी, इमरजेंसी समेत सभी स्वास्थ्य सेवाएं फिर से सुचारु कर दी गईं।
सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *