सुमेरपुर हमीरपुर – आगामी जनगणना के तहत शुरू होने वाली मकान गणना को लेकर बुधवार को ब्लॉक सभागार में ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों, पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों और सफाई कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। गुरुवार से शुरू हो रही गणना में सभी कार्मिक पंचायत स्तर पर मौजूद रहकर सहयोग करेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता सदानंद यादव ने जनगणना से संबंधित 33 बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मकान गणना के दौरान जुटाई जाने वाली सूचनाओं, सर्वे प्रक्रिया और अभिलेख तैयार करने के तरीके समझाए। प्रशिक्षण में ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों, रोजगार सेवकों, सफाई कर्मियों के साथ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी शामिल किया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि गुरुवार से शुरू होने वाली मकान गणना में पंचायत स्तर पर सभी नामित कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। यह कार्मिक गणना कार्य के दौरान घर-घर पहुंचकर आंकड़े संकलित करने में सहयोग करेंगे, जिससे सर्वे कार्य समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा हो सके। इस दौरान प्रभारी खंड विकास अधिकारी रिजवान हुसैन, लेखाकार इमरान खान सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
