उत्तर प्रदेश न्यूज़हमीरपुर न्यूज़

“गड्ढा मुक्त” का दावा फेल, 6 महीने में उखड़ी सड़क, PWD पर भ्रष्टाचार के आरोप—ग्रामीण बोले ‘मौत का रास्ता’

राठ (हमीरपुर) | तहसील क्षेत्र के ग्राम औड़ेरा में लोक निर्माण विभाग खंड संख्या 2 (PWD) की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गांव से राठ और सैदपुर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क, जिसे महज 6 माह पहले “गड्ढा मुक्त” घोषित किया गया था, आज पूरी तरह जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क निर्माण के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई। नतीजा यह रहा कि महज एक महीने के भीतर ही सड़क उखड़ने लगी और अब हालत यह है कि पूरी सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। गांव निवासी चरणसिंह, मंगल, अंतू, जगभान, रमाशंकर, कल्लू, रामशरण और अवधेश समेत कई लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण और स्थायी मरम्मत की मांग कई बार की गई, लेकिन हर बार विभाग ने सिर्फ लीपापोती कर मामले को टाल दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर चलना अब “नरक जैसा” हो गया है, आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं। ग्रामीणों ने साफ तौर पर ठेकेदारों और लोक निर्माण विभाग खंड-2 के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अगर गुणवत्ता के साथ काम हुआ होता, तो सड़क इतनी जल्दी खराब नहीं होती। जब “गड्ढा मुक्त” सड़क एक महीने में ही दम तोड़ दे, तो क्या यह सिर्फ लापरवाही है या फिर भ्रष्टाचार की बड़ी कहानी? सड़क का पुनः उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य कराना। और दोषी ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई करने सहित सड़क चौड़ीकरण की मांग की है। औड़ेरा की यह सड़क अब सिर्फ एक रास्ता नहीं, बल्कि सिस्टम की लापरवाही और भ्रष्टाचार की कहानी बन चुकी है। सवाल यही है कि आखिर कब जागेगा प्रशासन? मामले में लोक निर्माण विभाग खंड 2 के अधिशाषी अभियंता दृगपाल वर्मा से बात की गई तो उन्होंने जल्द जर्जर सड़क को गढ्ढा मुक्त सड़क बनवाने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *